Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

भारत मौसम विज्ञान विभाग, शिमला द्वारा सोमवार 1 सितम्बर, 2025 को जिला बिलासपुर के लिए अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राहुल कुमार ने जनहित में आदेश जारी किए हैं कि जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थान, नर्सिंग संस्थान, व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान, पॉलीटेक्निक कॉलेज, आईएफआई और आंगनबाड़ी केन्द्र 1 सितम्बर, 2025 को बंद रहेंगे। हालांकि आवासीय महाविद्यालय एवं स्वास्थ्य संबंधी मेडिकल संस्थान इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे।

जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा दी गई चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय पूरी तरह से एहतियाती कदम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव करना है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आदेश केवल विद्यार्थियों के लिए है, जबकि शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संस्थान में उपस्थित रहेगा। इस संबंध में राज्य सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में जारी आदेशों का अनुपालन किया जाएगा।

जिला दण्डाधिकारी ने सभी संस्थानों के प्रमुखों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश की पूर्णतया पालना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि प्राकृतिक आपदा के इस दौर में प्रशासन के साथ सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अथवा नजदीकी प्रशासनिक इकाई से तुरंत संपर्क करें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!