Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

सीबीएसई एफिलेटेड मुख्यमंत्री आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंजगांई में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अंजली शर्मा ने स्वयंसेवियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने जीवन में सकारात्मक सोच तथा मजबूत इच्छाशक्ति अपनाने का आह्वान किया।

अंजली शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बरमाणा और बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं और विशेष रूप से विद्यार्थियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर बीड़ी, सिगरेट या अन्य छोटे-छोटे नशों से होती है और धीरे-धीरे व्यक्ति इसकी गंभीर गिरफ्त में आ सकता है।

उन्होंने स्वयंसेवियों को बुरी संगत से बचने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई मित्र या अन्य व्यक्ति उन्हें नशे की ओर आकर्षित करने का प्रयास करता है तो ऐसे लोगों से दूरी बनानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गलत संगत और नशे की आदत व्यक्ति के भविष्य के साथ-साथ पूरे परिवार को भी प्रभावित करती है। वरिष्ठ पत्रकार ने विद्यार्थियों को उनके माता-पिता के संघर्ष और मेहनत का सम्मान करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई, प्रशिक्षण और बेहतर भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। ऐसे में युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर उनके सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयां और संघर्ष हर व्यक्ति के सामने आते हैं लेकिन परेशानियों से घबराकर नशे का सहारा लेना किसी समस्या का समाधान नहीं है। विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों का सामना आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ करना चाहिए।

अंजली शर्मा ने स्वयंसेवियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे।

उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही दिशा में प्रयास से युवा अपने जीवन को सफल बना सकते हैं तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!