Spread the love

कुल्लू टूडे

हमीरपुर

बाल विकास परियोजना टौणीदेवी के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों मेें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल खाली 15 पदों के लिए पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से 19 अक्तूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी सुकन्या कुमारी ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र दिम्मी-1, बड़ोह, कौहीं और खनसन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा।

इनके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र ब्रहमणी, भरनांग, पौहंज, दाड़ी, मतलाणा, स्वाहल, धरोग, सेर, झनिक्कर, गाहरा और ठाना लोहारां में आंगनवाड़ी सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की निवासी 18 से 35 वर्ष तक की महिलाएं उक्त पदों के लिए पात्र होंगी।

आवेदक का परिवार संबंधित आंगनवाडी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज परिवारों की सूची में शामिल हो तथा परिवार में उसका नाम भी दर्ज हो।

अभ्यर्थी के परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो तथा आय प्रमाण पत्र तहसीलदार या नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।

यदि कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतू आवेदन करती है तो उसके परिवार की वार्षिक आय की गणना में उसे आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना से छूट मिलेगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है।

इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन सादे कागज पर अपने पूर्ण विवरण के साथ और आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित छाया प्रतियों सहित 19 अक्तूबर सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी में जमा करवा सकती हैं।

निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों का सत्यापन, चयन प्रक्रिया एवं साक्षात्कार 31 अक्तूबर सुबह 11 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी में होगा।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि इस दिन अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना होगा। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।

अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी में संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!