कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर मुख्यालय में साई होस्टल के चार खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस स्वागत समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप व वरिष्ठ समाजसेवी रविन्द्र भट्टा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
होस्टल के चार खिलाड़ियों द्वारा कबड्डी व बाॅक्सिंग चैंपियनशिप में काॅस्य व सिल्वर मेडल प्राप्त करने पर उनको सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को शाॅल व मोमेंटों देकर हाॅस्टल में प्रवेश करवाया गया।
साई होस्टल बिलासपुर के प्रभारी विजय नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर होस्टल के चार खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए काॅस्य व सिल्वर मेडल प्राप्त किया है।
उन्होंने बताया कि अभी हाल ही 31 दिसंबर से 7 जनवरी तक हरियाणा के हिसार में आयोजित प्रतियोगिता में साई होस्टल बिलासपुर के खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन रहा है।
उन्होंने बताया कि नेशनल बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में आशीष ने काॅस्य पदक, रितिक ने काॅस्य, अंकित ने काॅस्य व कबड्डी प्रतियोगिता में खमिंद्र ने सिल्वर पदक हासिल किया है। इस अवसर पर मंगलवार को बिलासपुर पहुंचने इन खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
मुख्य रूप से उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने साई होस्टल बिलासपुर के खिलाड़ियों व यहां के प्रभारी व कोच प्रमोद खांगटा को विशेष रूप से बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर साई होस्टल का खेल गतिविधियों में विशेष स्थान रहा है। देश दुनिया में साई होस्टल बिलासपुर के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए साई होस्टल एक अच्छा विकल्प है, यहां से निकले खिलाड़ी आज प्रदेश व केंद्र सरकार में भी अपनी सेवाएं भी दे रहे है।
वहीं, दूसरी ओर वरिष्ठ समाजसेवी भट्टा ने कहा कि साई होस्टल से निकला आज हर एक खिलाड़ी की अपनी अलग पहचान है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
उधर, साईं होस्टल प्रभारी विजय नेगी ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय यहां पर उपस्थित कोच प्रमोद खांगटा को दिया है।
