Spread the love

कुल्लू टुडे

केलांग

राज्य स्तरीय अभियान के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), उदयपुर शाखा द्वारा राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी, उदयपुर में विद्यार्थियों को वित्तीय सेवाओं एवं डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के लगभग 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

यह राज्य स्तरीय अभियान एसएलबीसी (State Level Bankers’ Committee), शिमला द्वारा आरंभ किया गया है।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के तहत शिक्षा ऋण की सुविधा एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

बैंक प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण प्राप्त करने की विभिन्न सुविधाओं से अवगत करवाते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को डिजिटल लेन-देन के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग को देखते हुए साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

शिविर में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

बैंक अधिकारियों ने इन योजनाओं की उपयोगिता, पात्रता एवं लाभों के बारे में विद्यार्थियों और उपस्थित स्टाफ को अवगत करवाया।

इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग करते समय सुरक्षा संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी वित्तीय एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें शिक्षा ऋण, डिजिटल बैंकिंग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।

इस दौरान राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी के प्रधानाचार्य एवं महाविद्यालय स्टाफ, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) सुनील कौंडल, एसबीआई उदयपुर शाखा के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार तथा वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLC) से थिल्ली नामग्याल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!