कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर।
असंख्य श्रद्धालुओं के अराध्य देव बाबा नाहर सिंह मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा का अप्रत्याशित सैलाब उमड़ा।
मंगलवार सुबह से ही पार्किंग स्थल गाड़ियों से भर गया था जबकि दोपहर होते होते नेशनल हाईवे तक गाड़ियों को जमावड़ा देखा गया।
इस बार हर साल की भांति मैट्रो एंटरप्राइसिज बिलासपुर से स्वर्गीय केवल मुरगई के परिवार द्वारा विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बिलासपुर धाम का भव्य आयोजन किया गया था।
जिला के मशहूर काकू बोटी द्वारा स्वादिष्ट लंगर बनाया गया था। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सविता, विवेक, अंजलि, रघु, गौरव, राजवी और अध्यांत सहित कई लोगों ने स्वेच्छा से सेवा की।
विवेक कुमार ने बताया कि लंगर सेवा सुबह आठ बजे से शुरू हो गई थी जो निर्विघ्न रूप से करीब शाम पांच बजे तक चलती रही।
वहीं बाबा नाहर सिंह पुजारी समिति धौलरा मंदिर बिलासपुर के पंडित अरूण शर्मा ने बताया कि आषाढ़ मास का अंतिम मंगलवार होने के कारण यहां पर करीब पांच हजार लोगों ने बाबा नाहर मंदिर में आकर बाबा जी के दर्शन किए तथा अपने परिवार तथा विश्व शांति की प्रार्थना की।
उन्होंने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने लंबी लंबी कतारों में शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार किया और बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के हौंसलों में कोई कमी नहीं थी, दिन भर बाबा नाहर सिंह जी के जयकारों से मंदिर गुंजायमान रहा।
सेवादार लाईनों में खड़े श्रद्धालुओं को शीतल जल पिलाते रहे। वहीं मंगलवार को बाबा नाहर सिंह के दरबार में लगा मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
