Spread the love

कुल्लू टुडे

विनोद महंत

रविवार को हुए हुए नगर परिषद नगर व पंचायत के चुनाव में खास तौर पर कुल्लू जिला मुख्यालय पर कांग्रेस सत्ता में होने के बावजूद भी उसकी बड़ी दुर्गति हुई है। साफ तौर पर कहें तो विधायक सुंदर ठाकुर सत्ता के सेमीफाइनल में बुरी तरह से मात खा गए।

नगर परिषद कुल्लू के 11 वार्डों में से केवल 3 वार्डों में ही कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीत दर्ज कर पाए। वहीं, भाजपा की स्थिति इससे भी खराब है।

भाजपा के केवल तीन प्रत्याशी ही जीत दर्ज कर पाए। लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना दबदबा कायम करते हुए चार वार्डों में कब्जा किया है।

हालांकि कुल्लू सदर के विधायक सुंदर ठाकुर ने अपने प्रत्याशियों को जीताने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रखा था। लेकिन उनके अधिकतर प्रत्याशी बुरी तरह से ढेर हुए हैं।

इतना ही नहीं बल्कि एक प्रत्याशी को मात्र 83 वोट पड़े, जबकि एक प्रत्याशी तीसरी बार चुनाव हारा है।

वहीं, भाजपा के दिग्गज नेता रहे राम सिंह ने भी नगर परिषद में फिर अपनी एंट्री दर्ज कराते हुए अपनी धर्मपत्नी को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दिलाई है। जिससे उनका शहरी राजनीति में दबदबा एक बार फिर साबित हुआ है।

लेकिन शहरी राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल महंत अपने किसी भी प्रत्याशी को चुनाव में जीत दर्ज नहीं करवा पाए। बल्कि उनकी भतीजी को भी हार का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 1 में निर्दलीय प्रत्याशी पुष्पा देवी ने 385 वोट लेकर जीत दर्ज करवाई। जबकि विशाल सूद को 242 तथा तृप्ता महंत को 156 वोट पड़े। यहां दो लोगों ने नोट दबाया है।

वार्ड नंबर 2 से कुब्जा ठाकुर ने 356 वोट लेकर अपने प्रतिद्वंदी पुष्पा अंजली को केवल एक मत से मात दी पुष्पा अंजलि को 355 वोट पड़े। जबकि कार्तिक चौधरी को मात्र 121 वोट से संतोष करना पड़ा।

वार्ड नंबर 3 से आशा ठाकुर तथा वार्ड नंबर 4 में भाजपा समर्थित ज्ञान ठाकुर ने जीत दर्ज कराई। वार्ड नंबर 4 में कांग्रेस प्रत्याशी को तीसरी बार हार का मुंह देखना पड़ा।

इसी तरह से वार्ड नंबर 5 में पूजा शर्मा तथा वार्ड नंबर 6 से गीता देवी व वार्ड नंबर 7 से रामदेई ने जीत दर्ज करवाई।

जबकि वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय प्रत्याशी व पत्रकार शालिनी राय ने दूसरी बार शानदार जीत दर्ज कराते हुए दोबारा नगर परिषद में शानदार एंट्री मारी है। निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ते हुए शालिनी राय ने 338 वोट हासिल किया।

जबकि भाजपा समर्थित चंद्रा को 241 तथा कांग्रेस समर्थित आशा को महज 83 वोट पड़े।

शालिनी ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित व भाजपा समर्थित प्रत्याशी को बुरी तरह से मात दी है। कांग्रेस प्रत्याशी को यहां पर मंत्र 83 मतों से संतोष करना पड़ा।

वार्ड नंबर 9 में कांग्रेस समर्थित जीवन कला ने 352 वोट हासिल किये। जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी अमीना को 260 तथा अनुपमा को 183 वोट पड़े। यहां पर 9 लोगों ने नोट दबाया है। वार्ड नंबर 10 में भाजपा समर्थित चंद्रभानु तथा वार्ड नंबर 11 से भी भाजपा समर्थित राहुल कौशल ने जीत दर्ज करवाई है।

इस तरह से कुल्लू नगर परिषद के चुनाव में जहां भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। वहीं कांग्रेस सत्ता में होने के बावजूद भी नगर परिषद में अपना दबदबा कायम करने में पूरी तरह से असफल रही है।

चुनाव परिणाम को देखते हुए एक बार तो साफ है कि नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और भाजपा को निर्दलीयों का समर्थन हासिल करना होगा। यहां नगर परिषद अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। एक तरह से अध्यक्ष की ताजपोशी पूरी तरह से निर्दलीयों पर निर्भर करती है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!