Spread the love

कुल्लू टुडे

सोलन

एसपी सोलन एसडी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15/16-11-2026 की मध्य रात्रि को पुलिस थाना धर्मपुर की पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की रोकथाम हेतु जोहड़जी के समीप विशेष नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दो वाहनों को जांच हेतु रोका।

तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से अवैध रूप से परिवहन की जा रही देशी शराब मार्का “पटियाला संतरा” की कुल 438 पेटियां बरामद की गईं। बरामद शराब में 2160 अध्धे एवं 8000 पव्वे शामिल हैं, जिनकी कुल संख्या 10,160 बोतलें बनती है।

पुलिस द्वारा मौके पर दोनों वाहनों में सवार व्यक्तियों से शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज, परमिट अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, किन्तु वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्रारंभिक जांच में मामला अवैध शराब परिवहन एवं तस्करी से संबंधित पाया गया, जिस पर पुलिस थाना धर्मपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान अवैध शराब की सप्लाई श्रृंखला, स्रोत एवं संभावित गंतव्य के संबंध के बारे में पता किया जा रहा है।

तीनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के अनुसार धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर विधि अनुसार पाबंद किया गया है।

इसके अतिरिक्त, आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में प्रयुक्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

मामले की जांच जारी है तथा अवैध शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

वाहनों में सवार व्यक्तियों की पहचान अशोक कुमार पुत्र राधे श्याम निवासी गांव कुल्हाड़ी वाला, तहसील बद्दी, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश; प्रदीप कुमार पुत्र मनोहर लाल निवासी गांव ठेडवाल पट्टी, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब तथा साहिल राणा पुत्र संजय कुमार निवासी गांव मालपुर, डाकघर बूड, तहसील बद्दी, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!