कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरमाना क्षेत्र के कैंची मोड़ की निवासी एवं युवा कांग्रेस की सक्रिय नेत्री अरुणा महाजन को हिमाचल प्रदेश सरकार ने “सक्षम गुड़िया बोर्ड” का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है।
उनकी इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है और सामाजिक व राजनीतिक वर्ग से उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जारी आदेशों के तहत यह जिम्मेदारी उन्हें आगामी तीन वर्षों के लिए सौंपी गई है।
अरुणा महाजन लंबे समय से सामाजिक कार्यों और युवा कांग्रेस के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन पर यह भरोसा जताया है।
अरुणा महाजन राष्ट्रीय युवा कांग्रेस में भी सक्रिय रही हैं और विभिन्न अभियानों में अहम जिम्मेदारियाँ निभा चुकी हैं।
उनके नेतृत्व से “सक्षम गुड़िया बोर्ड” द्वारा बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उनके पिता भगत राम महाजन भी कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं, जिनका संगठन में विशेष योगदान रहा है।
स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने अरुणा महाजन की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
