Spread the love

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिला के थुनाग में लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के परिसर का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में इस महाविद्यालय परिसर का निर्माण किया जाएगा और इसमें प्रशासनिक खण्ड, पुस्तकालय भवन, खेल मैदान, व्यायामशाला, सभागार, शॉपिंग सेंटर, स्वास्थ्य केन्द्र, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग छात्रावास और एक पीजी छात्रावास की सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आठ प्रशासनिक खण्ड होंगे, जिसमें चार औद्यानिकी महाविद्यालय और चार वानिकी महाविद्यालय तथा अन्य सम्बन्धित अधोसंरचना के लिए होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में छात्रों और छात्राओं के लिए दो छात्रावास, एक प्रशासनिक खण्ड और एक शैक्षणिक खण्ड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य लोक निर्माण विभाग द्वारा इस कार्य को किया जाएगा। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को इस महत्वकांक्षी परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में बागवानी विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को कुलपति द्वारा कॉफी टेबल बुक भेंट की गई।

डॉ. यशवन्त सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन के कुलपति डॉ. परविन्द्र कौशल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि थुनाग में बागवानी और वानिकी महाविद्यालय में 250 से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नया परिसर प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की माता बृकुमू देवी, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. परुथी, मंडी के उपायुक्त अरिन्दम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!