Spread the love

कुल्लू टूडे

केलांग

उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जियो की परिनियोजन टीम के बलराम जोशी और उनकी टीम ने उल्लेखनीय प्रयास करते हुए ओडीएससी साइट का सफल एकीकरण किया है।

जिसके परिणामस्वरूप पटसियू जो समुद्र तल से 12,300 फुट की ऊँचाई पर स्थित है, से लेकर दीपक ताल तक के क्षेत्र में 4जी-एलटीई नेटवर्क कवरेज का विस्तार संभव हुआ है।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि न केवल बेस कैंप में संचार सुविधा को सुदृढ़ करेगी बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-3 (लेह–मनाली मार्ग) से दीपक ताल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अब लगातार और विश्वसनीय नेटवर्क कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

उपायुक्त ने कहा कि इतनी दुर्गम और उच्च हिमालयी भौगोलिक परिस्थितियों में नेटवर्क सुविधा पहुँचना एक बड़ी तकनीकी चुनौती थी, जिसे जियो की टीम ने अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी विशेषज्ञता से पूरा किया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस परियोजना से क्षेत्र में आपात स्थितियों के दौरान त्वरित संचार सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी तथा पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

किरण भड़ाना ने जियो टीम के इस समर्पण और उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल जिले के विकास और संचार व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

उन्होंने विशेष रूप से बलराम जोशी और उनकी टीम की प्रशंसा की, जिनके प्रयासों से यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इसके साथ ही उन्होंने जियो हिमाचल प्रदेश सर्कल की नेतृत्व टीम के अंतर्गत स्टेट बिज़नेस हेड गौरव कुमार, चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर धीरेंद्र कुमार तथा परिनियोजन टीम लीड बलराम जोशी का भी विशेष आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!