कुल्लू टूडे
शाहपुर (कांगड़ा)
साधन-संपन्न न होते हुए भी कठिन परिश्रम, समर्पण और लगन से सीडीएस जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भैरू, पंचायत नेरटी निवासी साहिल चौधरी, सुपुत्र ओम राज चौधरी ने सेना में अधिकारी बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण पूर्ण कर जब वे अपने गांव लौटे, तो समूचे क्षेत्र में गर्व और हर्ष का वातावरण बना।
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया स्वयं साहिल चौधरी के घर पहुंचे और उन्हें तथा उनके माता-पिता को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
विधायक ने लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक पठानिया ने कहा कि साहिल चौधरी की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने बताया कि साहिल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक स्कूल भैरू, राजकीय उच्च विद्यालय नेरटी और इरा प्राइवेट स्कूल से प्राप्त की। उनके निरंतर प्रयासों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
विधायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी साहिल चौधरी से प्रेरणा लेकर लक्ष्य निर्धारण करें और कठिन परिश्रम से सफलता की ऊँचाइयों को छूने का प्रयास करें।
