Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बचत भवन, कुल्लू में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति मोहन लाल ब्राक्टा ने की।

बैठक में समाज के कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान समिति सदस्यों द्वारा विभिन्न कल्यणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई और ज़िला प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

सभापति, मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि कल्याण समिति विधानसभा की एक महत्वपूर्ण समिति है, जो समाज के कमजोर वर्गों तथा अनुसूचित जातियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें प्रभावी रूप से लागू करवाने की दिशा में कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाकर बजट आवंटित करती है, परंतु उन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम के तहत मिले बजट का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें।

साथ ही उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि समिति के विभिन्न जिलों के दौरों के दौरान योजनाओं की जमीनी हकीकत और उनसे जुड़े सुझाव प्राप्त होते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि समिति द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को शीघ्रता से लागू किया जाए।

उन्होंने कुल्लू ज़िला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिले में योजनाओं का संतोषजनक क्रियान्वयन हुआ है।

बैठक में इस अवसर पर समिति के सदस्य विधायक विनोद कुमार, विधायक रीना कश्यप, विधायक लोकेंद्र कुमार, विधायक दीप राज, विधायक चंद्रशेखर और विधायक अनुराधा राणा,
ज़िलाधीश तोरुल एस रवीश, पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचन्द्रन, अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, अवर सचिव संजय कुमार, टिकन वर्मा, दिवेश पठानिया, देवेंद्र शर्मा सहित ज़िला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!