Spread the love

शिमला


यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में भी हड़कंप मच गया है। हिमाचल प्रदेश के 130 से ज्यादा विद्यार्थी और अन्य लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन में हिमाचल प्रदेश के लोग भी फंसे हुए हैं।

उम्मीद करते हैं कि वे सुरक्षित होंगे। इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया गया है। वहां फंसे लोगों की सही संख्या मालूम कर रहे हैं। जितनी भी संख्या है, वह विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध है।

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन में फंसे ज्यादातर विद्यार्थी एमबीबीएस कर रहे हैं। सुबह यूक्रेन पर दागी गईं रूस की मिसाइलों के धमाकों के बाद से प्रदेश में विद्यार्थियों के अभिभावक चिंतित हैं। कोई फोन तो कोई व्हाट्सएप कॉल कर अपने बच्चों और वहां फंसे अपने परिवार वालों का हालचाल पूछ रहा है।

ज्यादातर बच्चे यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में फंसे हैं। कुछ के शुक्रवार को भारत आने के हवाई टिकट कंफर्म हो चुके हैं, लेकिन उन्हें चिंता सता रही है कि वे समय पर सुरक्षित हवाई अड्डे पर पहुंच पाएंगे या नहीं। मंडी के कुछ छात्र वीरवार सुबह ही फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे जो अपने आपको खुशनसीब मान रहे हैं।

किस जिले के कितने लोग फंसे

अभी तक की जानकारी के अनुसार ऊना के 26, मंडी के 23, हमीरपुर के 20, बिलासपुर के 18, सोलन के 16, कुल्लू के 8, चंबा के 7, कांगड़ा-सिरमौर के 3-3 और एक व्यक्ति शिमला का यूक्रेन में फंसा है।

परिजन 1100 फोन नंबर पर करें संपर्क

प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों और अन्य लोगों के परिजनों से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर संपर्क करने के लिए कहा है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यूक्रेन में फंसे हिमाचल के नागरिकों को वापस लाने के लिए सरकार विदेश मंत्रालय के साथ निरंतर संपर्क में है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!