कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि बिलासपुर सदर चुनाव क्षेत्र में राजनीति के कारण बंद किए गए विकास कार्यों को फिर से अमली जामा पहनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र की तीन बड़ी योजनाओं का काम वर्तमान विधायक त्रिलोक जमवाल के कहने पर रोक दिया गया था लेकिन अब उन पर फिर से काम आरंभ होगा।
उन्होंने बताया कि कोल डैम से हरनोड़ा के लिए जो सिंचाई योजना उन्होंने अपने कार्यकाल में स्वीकृत करवाई थी उसका उसे समय 20 प्रतिशत काम बाकी बचा था लेकिन उसके बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उस पर काम नहीं किया और वह आज तक अधूरी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री में कहा है कि दो-तीन महीने में इस योजना को पूरा कर लिया जाएगा।
इस तरह उन्होंने बताया कि उठाऊं सिंचाई योजना जो कोल डैम से जमथल, धौनकोठी, धार टटोह, पंजगाई और घागस को सिंचित करने के लिए बनाई गई थी इस पर भी 25 करोड रुपए की राशि मंजूर की गई है और उसका कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसी तरह माइनिंग फंड से देलग से मल्यावर को जो पुल तैयार करना था उसे भी वर्तमान विधायक ने रुकवा दिया था लेकिन इस पुल का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पुल के लिए जो पैसा आया था वह वर्तमान विधायक ने कहीं और ट्रांसफर कर दिया था, और यह पुल भाजपा के ही पूर्व विधायक सुभाष ठाकुर के कार्यकाल में शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा अली खड्ड पुल से लेकर मंडी भराड़ी तक एक संपर्क सड़क बनाने के लिए उन्होंने अपने कार्यकाल में 8 करोड रुपए की डीपीआर करवाई थी।
लेकिन इस काम को भी सिरे नहीं चढ़ाया गया। इसमें 16 छोटे पुल बनने थे और यह एक बेहतर बाईपास बन जाना था।
उन्होंने कहा कि इस मामले को भी वह मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के ध्यान में लेकर आए जिस पर उन्होंने आदेश किया कि इस कार्य को भी जल्दी ही प्रारंभ किया जाएगा।
ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बिलासपुर आ रहे हैं क्योंकि गोविंद सागर में शिकारा और क्रूज चला कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मुख्यमंत्री शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा बिलासपुर के लिए स्वीकृत की गई सौ करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली सीवरेज योजना का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।
उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से आग्रह किया है कि वह अपने पार्टी के विधायक को सलाह दे कि वह विकास कार्यों में रोड़ा ना अटकाएं अन्यथा जनता उनके खिलाफ प्रदर्शन भी कर सकती है।
