कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर जिले में शुक्रवार को जोरदार बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त रहा।
इस बारिश से जहां अचानक से बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिली वहीं खेतों में गेहूं की फसल को भी नुकसान होने का समाचार है।
इस दौरान आंधी चलने से कहीं पेड़ टूटकर गिरे तो कहीं विद्युत पोल व तारें टूटकर जमीन पर आ गिरी।
उधर तेज हवा के कारण जगह जगह लगे होर्डिंग्स बैनर टूटकर लटक गए। बारिश आंधी ने लोगों को भयभीत कर दिया। घुमारवीं में दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
बता दें कि शुक्रवार को देर रात के समय अचानक मौसम ने करवट ली। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने लगी, जिससे गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा। उधर जगह जगह बिजली की तारें तथा पोल टूट जाने से भी बिजली बाधित रही।
हालांकि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सुबह होते ही बिजली व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गए।
जिले में बारिश व अंधड़ से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल कटाई के लिए बिल्कुल तैयार थी लेकिन अचानक शुरू हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आंधी से आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि पहले बारिश न होने से किसान परेशान थे अब अधिक बारिश व तूफान ने काफी नुकसान पहुंचाया है।
वहीं बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी प्रदेश के कई भागों में बारिश, बर्फबारी, अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं कोटधार नलवाड़ मेले में भी देर रात को हुई बारिश व तूफान ने काफी तबाही मचाई। वहां रखा सारा सामान तूफान से इधर उधर उड़ गया।
मेले में दुकानदारों द्वारा लगाई दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि मेला कमेटी ने कड़ी मशक्कत से अगले दिन व्यवस्था को सुचारू किया।
