कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
भव्य शोभायात्रा और ढोल नगाड़ों की थाप पर कोटधार के लग मंदिर में 3 दिवसीय नलवाड़ मेले का शुभारंभ हर्षोल्लास से हुआ।
शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह उपस्थित हुए।
जबकि सेवानिवृत्त कर्नल जसवंत सिंह चंदेल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यतिथि ने खूंटा गाड़कर व बैल पूजन कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
इससे पहले चेलियां से शिव मंदिर लग तक शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें आसपास की 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बढ़चढ़कर भाग लिया।
मेला कमेटी अध्यक्ष कैप्टन ज्ञान चंद धीमान, महासचिव अमर नाथ धीमान व अन्य पदाधिकारियों द्वारा मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया। शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
मुख्यातिथि ने अपने सम्बोधन में कहा कि मेले हमारी समृद्ध सभ्यता व संस्कृति के प्रतीक हैं।
मेलों के माध्यम से न केवल आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है, बल्कि हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी ये अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बढ़ती मोबाइल संस्कृति के कारण हमारी प्राचीन विरासत मेले अपना सांस्कृतिक स्वरूप खोते जा रहे हैं।
उन्होंने मेलों की इस प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को संजोकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने समस्त इलाकावासियों एवं समस्त मेला समिति को बधाई दी।
मेला कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन ज्ञान चंद धीमान व संस्थापक एवं महासचिव अमर नाथ धीमान ने सभी झंडूता वासियों से इस मेले में बढ़चढ़ के भाग लेने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि 28 और 29 मार्च को सांस्कृतिक संध्याओं और स्टार संध्या का आयोजन किया जाएगा।
जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, महिला मंडलों, गुग्गा गाथा, दहाजा, स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय कलाकारों के दिन में कार्यक्रम होंगे और रात्रि सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही 30 मार्च को दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दंगल तीन चरणों में होगा, जिसमें कोटधार कुमार अंडर-20, छोटी माली अंडर-20 व बड़ी माली होगी।
इस मौके पर सुनील शर्मा, सूबेदार राम किशन, दिनेश शर्मा, रमेश शर्मा, कुसम राज, अंकु कुमार, रघुवीर धीमान, अनिल शर्मा, बबलू शर्मा, इंद्राज कुमार, कुसुम कुमारी, ज्ञानी देवी व सुमन कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
