कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
भाजपा द्वारा पूर्ण बहुमत की सरकारों को अस्थिर करने तथा खरीद फरोख्त का कल्चर हर राज्य में प्रयोग करने के विरोध में बुधवार को सदर ब्लाक कांग्रेस ने कैंडल जलूस निकाल कर रोष व्यक्त किया।
बुधवार देर शाम को सदर कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष देशराज ठाकुर की अगवाई में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी की और अपना गुबार निकाला।
बुधवार देर शाम को पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चंगर सेक्टर में जुटना शुरू हो गए थे, एक जुलूस की शक्ल में यह रैली मुख्य बाजार का चक्कर लगाते हुए गुरूद्वारा चैक पर पहंुची। सभी कार्यकर्ताओं के हाथ में मोमबतियां थी।
इस मौके पर देश राज ठाकुर ने कहा कि पूर्व विधायक एवं पार्टी के राज्य महासचिव के दिशा.निर्देशों के अनुसार इस कैडल मार्च में सदर बिलासपुर से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
सदर अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और उसके बड़े बड़े नेताओं द्वारा बड़ी ही बेशर्मी से प्रजातंत्रीय मूल्यों व सिद्धांतों का खुला हनन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां जिन भी प्रदेशों में विपक्षी दलों अथवा पार्टियों की सरकारें हैं उन्हें गिराने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
विरोधी दलों के नेताओं की कथित खरीद-फरोख्त करके या फिर ईडी, सीबीआई और इन्कम टेक्स जैसी केन्द्रीय एजेंसियों का भय दिखा कर उन्हें भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है।
इस प्रकार संविधान और प्रजातंत्रीय मूल्यों व उसकी गरिमा को चोट पहुंचाई जा रही है। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जा सकता है।
वहीं हुसैन अली ने कहा कि धर्म व जातिवाद के नाम पर समाज को बांटने का भयानक खेल किसी भी रूप में सहन नहीं किया जा सकता है, जिस पर अंकुश लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
मस्त राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश की चुनी हुई सरकारों को गिराने के लिए षड्यंत्र रचना किसी भी रूप से उचित नहीं है और यह मतदाताओं का भी भारी अपमान है।
उन्होने कहा कि वास्तव में भाजपा हिमाचल में हुई अपनी हार को पचा नहीं पा रही है। यही कारण है कि वह प्रदेश की कांग्रेस सरकार को तोड़ने व गिराने के लिए धन बल और सत्ता बल का डट कर प्रयोग करके अपनी बौखलाहट प्रदर्शित करने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन में मुस्लिम नेताओं व पार्टी के जिला महासचिव हुसैन अली, अब्दुल रहमान और सदर महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रीति भाटिया, अधिवक्ता प्रवीण शर्मा, हीरा पाल सिंह ठाकुर, पीसी सांख्यायन, कल्पना, अमित दत्त, जिला महिला कांग्रेस प्रधान गोदावरी चंदेल, शिप्रा गौतम, नीलम सूद, ईशान ठाकुर और मस्तराम वर्मा आदि ने भाग लिया।
