Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर

जिला बिलासपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत बरमाणा में एक दिवसीय अंडर एटीन वॉलीबॉल खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ बिटिया फाउंडेशन की अध्यक्षा सीमा सांख्यान ने किया।

ग्रामीण स्तर की हो रही इन खेल प्रतियोगिताओं में आस -पास क्षेत्र की 12 टीमों ने भाग लिया।

सीमा सांख्यान ने बच्चों द्वारा किए गए इस तरह के खेलों के आयोजन के प्रयास की सराहना की।

उन्होंने बताया कि बहुत ख़ुशी होती है जब इस तरह बच्चे खेलते है।

बच्चों की यही उम्र खेलने की होती है और इसी उम्र में बच्चे बिगड़ भी जाते है। खेल में जीतना हारना एक अलग बात है।

खेल – खेल में बच्चा अच्छी बातों को सीखता है और अपने नए मित्र भी बनाता है। खेल हमारे जीवन में अच्छे चरित्र और अनुशासन जैसे नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं।

इन नैतिक मूल्यों के आधार पर ही हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं तथा समाज को नशे की बुरी आदत से दूर रहने के प्रति प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों से जहां हमें अनुशासनात्मक जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है वहीं दूसरी ओर एक टीम के रूप में कार्य करने की सीख भी मिलती है।

उन्होंने कहा कि इन बच्चों के पास अब बरमाणा में खेलने के लिए कोई भी उपयुक्त जगह नहीं बची है।

उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय एसीसी अडानी ग्रुप बरमाणा के प्रबंधन से बच्चों के लिए इस खेल मैदान का प्रयोग करने को लेकर अनुमति देने की मांग की है।

यहां के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में खेल के प्रति रूझान बढ़ाने में यह ग्राउंड मदद करेगा।

उन्होंने इस मौके पर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने व युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए 5100 रुपये बतौर प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

उन्होंने युवाओं के लिए खेलकूद मे भविष्य संवारने के लिए इस उपयुक्त मंच के लिए जिला प्रशासन से बात करने का आश्वासन भी दिया है।

इन दिनों ये खिलाडी बरमाणा एनएच व एनटीपीसी साई वाटर स्पोर्ट्स हॉस्टल के साथ लगती एसीसी की वीरान पड़ी जमीन पर खेलकूद प्रतियोगिताएं कर रहे है।

खेल मैदान न होने के चलते इन खिलाडी बच्चों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन बच्चों को न ही कोई मदद कर रहा है और न ही किसी का आशीर्वाद मिल रहा है। फिर भी बच्चों ने अपने ही दम पर इन खेलों का आयोजन किया है।

इस दौरान खेल प्रतियोगिता को देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण बच्चे उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!