कुल्लू टुडे
कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में दूसरे राज्यों से आने वाले सैलानियों की गुंडई लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई भी करती आ रही है। लेकिन सके बावजूद भी सैलानियों की गुडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही एक मामला जिला के बंजार उपमंडल में पेश आया है।
मिली जानकारी के अनुसार बंजार आनी मार्ग पर ज़िभी के पास दिल्ली के एक सैलानी ने देसी कट्टा निकालकर एक टैक्सी चालक को धमकाया। इतना ही नहीं उसने टैक्सी चालक पर फायर करने का भी प्रयास किया। लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा पर्यटक को काबू कर उसके हाथ से देसी कट्टा छीन ली।
इसके बाद घटना की जानकारी बंजार पुलिस को दी गई। बंजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और देसी कट्टे को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
इस मामले में एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि बंजार पुलिस थाना में एक सूचना मिली थी कि मदर टच कैफे जीभी के नजदीक एक व्यक्ति ने वाहन को बीच सड़क में रोका है साथ ही वह एक व्यक्ति को धमका रहा है।
इस दौरान व्यक्ति ने देसी कट्टा निकाल कर उसे शूट करने की धमकी दी। एसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार एक अन्य व्यक्ति की मदद से उन्होंने पर्यटक से देसी कट्टा छीन लिया अन्यथा वो फायर कर देता।
गुरदेव शर्मा ने बताया कि व्यक्ति की पहचान अजय दलाल निवासी द्वारका सेक्टर 6, साउथ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
