कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मंडी दौरे के दौरान हरनोड़ा पंचायत के मुख्य द्वार सलापड में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव ठाकुर हीरापाल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
जिनमे किसान सेल के उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ठाकुर , राहुल कपूर विजय कॉन्ट्रेक्ट राज कुमार, उपप्रधान सोनू , केडी चौधरी ,मदन ठाकुर और बृजलाल बंसल , ग्रामीणों के अलावा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सतलुज नदी पर सलापड़ के निकट बिलासपुर के हरनोड़ा और मंडी के खुराल गांव को जोड़ने वाले ब्रीज का शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर विक्रमादित्य सिंह ने निरिक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ बिलासपुर जिले की सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, सुंदर नगर विधान सभा के विधायक सोहण लाल ठाकुर व हरेंद्र सेन भी थे। इसके उपरांत उन्होंने सलापड़- तत्तापानी सड़क का भी जायजा लिया।
इस सड़क का अभी तक करीब 900 मीटर कार्य शेष रह चुका हैं और इस सड़क की महत्व को देखते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हिप्र पीडब्ल्यूडी विभाग को सख्त निर्देश दिए कि 31 जनवरी तक इस सड़क कार्य का पूरा हो जाना चाहिए। वर्तमान में सलापड़ से तत्ता पानी के बीच की दूरी 150 किलोमीटर है।
अपने मंडी दौरे के दौरान आयन, बटवाड़ा क्याण सड़क के साथ लगते गांवों का दौरा भी किया और वहां ग्रामीणों से मुलाकात की।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस मौके पर कहा कि सरकार टूरिज्म को बढ़ावा देने का हर संभव प्रयास करेगी । इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के साधन भी पैदा होंगे।
उन्होंने सलापड़-तत्तापानी सड़क को 31 जनवरी तक विभाग को हर हालत में पूरा करने के आदेश दिए।
बताते चलें कि इस सड़क निर्माण को पूरा करने के लिए पूर्व में रही सरकार को हाईकोर्ट के आदेश पर 31 अक्तूबर 2022 का समय निर्धारित किया गया था।
लेकिन बीते अगस्त 2022 को भारी बारिश होने से 30 मीटर सड़क बह गई थी। इसकी वजह से निर्माण कार्य में देरी हुई थी। सड़क निर्माण को लटकाए जाने पर हाई कोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है।
पिछले आदेशों में अदालत ने कहा था कि वर्ष 1980 में शुरू हुए इस निर्माण कार्य के बारे में विभाग की उदासीनता के कारण स्थानीय लोग सड़क, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे हैं।
इसी के चलते मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हाईकोर्ट के आदेश पर सेंट्रल रोड फंड के सबसे बड़े प्रोजेक्ट के तहत बन रही सलापड़-तत्तापानी सड़क का जायजा लिया।
इस दौरान मंत्री ने लोगों को सड़क का काम जल्द पूरा करने का पूरा आश्वासन भी दिया।
