Spread the love

कुल्लू टूडे

चंडीगढ़

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार रात शिमला जाते हुए अंबाला से चंडीगढ़ का 50 किमी का सफर ट्रक से तय किया। दरअसल, वे दोपहर को दिल्ली से शिमला के लिए कार से निकले थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि राहुल गांधी ने इस दौरान ट्रक ड्राइवरों से बात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

राहुल गांधी ने ट्रक को सुबह 5.30 बजे अंबाला के श्री मंजी साहब गुरुद्वारे पर रुकवाया। फिर गुरुद्वारे में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी बात की। उन्होंने गुरुद्वारे में लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया। उनके सफर का एक वीडियो कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।

कांग्रेस पार्टी ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए बताया है कि भारत की सड़कों पर तकरीबन 90 लाख ट्रक ड्राइवर हैं। इन सभी लोगों की अपनी समस्याएं हैं। ट्रक ड्राइवरों की ‘मन की बात’ सुनने का काम राहुल गांधी ने किया है।

दरअसल, भारी वाहनों और ट्रकों को चलाने वाले इन ड्राइवरों को रातभर काम करना पड़ता है। इस दौरान कई परेशानियां होती हैं, जिन्हें जानने के लिए ही राहुल गांधी इनके बीच पहुंचे।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल गांधी का वीडियो शेयर किया है।

उन्होंने लिखा, यूनिवर्सिटी के छात्रों से, खिलाड़ियों से, सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे युवाओं से, किसानों से, डिलीवरी पार्टनरों से, बस में आम नागरिकों से और अब आधी रात को ट्रक के ड्राइवर से आखिर क्यों मुलाकात कर रहे हैं राहुल गांधी? क्योंकि वो इस देश लोगों की बात सुनना चाहते हैं, उनकी चुनौतियों और परेशानियों को समझना चाहते हैं।

उनको ऐसा करते देख एक विश्वास सा झलकता है, कोई तो है जो लोगों के साथ खड़ा है, कोई तो है जो उनके बेहतर कल के लिए किसी भी तरह की कुर्बानी देने को तैयार है। कोई तो है जो नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा है। धीरे-धीरे यह एहसास हो रहा है कि यह देश लौट जाना चाहता है मोहब्बत और अमन के रास्ते पर, धीरे से यह देश आखिर चल ही पड़ा है राहुल गांधी के साथ।

हरियाणा कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राहुल गांधी शिमला में अपनी मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए पहुंचे हैं। सोनिया गांधी इन दिनों शिमला में प्रियंका गांधी के फार्म हाउस में रह रही हैं। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बनाए जाने का फैसला भी उन्होंने शिमला में रहते हुए ही किया था। कर्नाटक में चुनावी रैलियों के बाद सोनिया और प्रियंका 12 मई को यहां आ गई थीं। तब से यहीं रुकी हैं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!