कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
देश में हरित क्रांति लाने वाले एवं उत्तर भारत को रोशन करने वाले भाखड़ा गांव के निवासी आज भी बूंद बूंद के लिए तरस रहे हैं।
जिस भाखड़ा डैम ने उत्तर भारत में पानी उपलब्ध करवाकर हरित क्रांति से तथा सारा उत्तर भारत जगमग कर दिया वहां के बाशिंदे आज भी बूंद बूंद के लिए तरस रहे हैं।
जिस कारण बीते दिन विवश होकर ग्रामीणों ने भाखड़ा नयना देवी सड़क के किनारे धरना प्रदर्शन किया।
इस धरना प्रदर्शन में जल शक्ति विभाग के प्रति अपना रोष प्रकट किया। भाखड़ा, माकड़ी सलोआ पेयजल योजना के अंतर्गत भाखड़ा गांव को भी पर्याप्त मात्रा में पानी मुहैया करवाया जाना चाहिए था परंतु यहां के लोग आज भी बूंद बूंद के मोहताज हैं।
भाखड़ा गांव में नारी शक्ति जल शक्ति संघर्ष कमेटी तथा समाज सेवी संस्था ने धरना प्रदर्शन किया। इस योजना का उद्घाटन 21 सितंबर 2012 को हुआ था परंतु यहां के बाशिंदे आज भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासी रवि कुमार का कहना है कि 8 अप्रैल 2023 को उपायुक्त बिलासपुर को भी इस समस्या से अवगत करवाया गया था तथा 17 तारीख को पुनः रिमाइंडर दिया गया था परंतु कोई भी कार्यवाही नहीं हुई जिस कारण आज मजबूरन गांव वासियों को धरना प्रदर्शन करना पड़ा।
धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों के पास नैना देवी के डीएसपी और जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने दौरा किया और उन्हें आश्वासन दिया कि 23 तारीख को अधिशासी अभियंता गांव में आएंगे तथा समस्या का निदान करने का प्रयास करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर 23 तारीख को थी कोई हल नहीं निकलता तो धरना प्रदर्शन पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
