Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर / कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक नाइजीरियन युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जिस पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न भागों में चिट्टा सप्लाई करने का आरोप है। युवक को पुलिस हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है ।

एसपी बिलासपुर कार्तिकेय गोकुल चंद्रन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले महीने 16 मार्च को सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज हुआ था। जिसमें प्रवीण नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था।

प्रवीण के पास उस समय 30 ग्राम चिट्टा मिला था। जब इस मामले की जांच की गई तो पता चला कि प्रवीण ने वह चिट्टा दिल्ली से लाया था और मनाली के एक युवक चिराग को सप्लाई करना था।

एसपी ने बताया की हिरासत में लिए गए इन दोनों युवकों से पूछताछ की गई तो पता चला कि पकड़े गए आरोपियों ने नाइजीरिया के युवक मार्टिन से इस चिट्टे की सप्लाई ली थी।

एसपी ने बताया कि बिलासपुर सिटी चौकी इंचार्ज संजीव वालिया तथा उनके साथ अन्य पुलिस कर्मी कुलदीप, सुनील तथा रोहित की टीम दिल्ली गई और वहां जाकर जांच के दौरान यह पता चला कि दिल्ली के महावीर एंक्लेव में यह नाइजीरिया का युवक मार्टिन रह रहा था और वहीं से चिट्टे की सप्लाई कर रहा था।

इस युवक को हिरासत में लेने के बाद की गई जांच के दौरान पता चला कि इस युवक के तार नाइजीरिया से जुड़े हुए हैं। यह जुलाई 2020 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था।

लेकिन उसका वीजा समाप्त हो गया था। इसलिए इस पर एनडीपीएस एक्ट के अलावा फौरन एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि व्हाट्सएप कॉल के द्वारा यह सप्लायर आपस में संपर्क स्थापित करते हैं और नाइजीरिया फोन करने के बाद वहां से इस युवक मार्टिन को निर्देश आते थे और वह उन निर्देशों के अनुसार माल सप्लाई करता था।

उन्होंने बताया कि जो चिट्टा इस युवक के निवास से तथा आरोपियों के पास मिला है वह विदेश से नहीं आया बल्कि भारत में ही तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग मोबाइल प्रयोग करने के बाद यह बिजनेस चलाया जा रहा था।

एसपी ने बताया कि बिलासपुर पुलिस द्वारा यह दूसरा नाइजीरिया का युवक पकड़ा गया है इससे पहले भी एक युवक पुलिस कस्टडी में है।

उन्होंने बिलासपुर की पुलिस टीम को इस बेहतर कार्य के लिए बधाई दी और उनके कार्य की प्रशंसा भी की।

उन्होंने बताया कि जब से उन्होंने बिलासपुर में बतौर एसपी ज्वाइन किया है उसके बाद बिलासपुर पुलिस टीम की होशियारी से 38 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 60 आरोपी पकड़े गए हैं इन मामलों में 6 मामले काफी बड़े हैं।

एसपी ने लोगों से अपील की है कि वह नशे की ओर बढ़ रहे युवकों को रोकने के लिए प्रयत्न करें और अगर कोई ऐसा मामला उनकी नजर में आता है तो नशे को छुड़ाने के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर में ले जाएं और पुलिस को भी इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

error: Content is protected !!