कुल्लू टूडे
कुल्लू
जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगते अखाड़ा बाजार में दिन दहाड़े ब्यास नदी के किनारे मलबा फेंककर एनजीटी के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।
वहीं प्रशासन और नगर परिषद इससे बेखबर है। ऐसे में न तो नगर परिषद इस पर कार्रवाई करता हुआ नजर आ रहा है। और न ही प्रशासन कोई गंभीर कदम उठाने के आदेश जारी कर रहा है। यहां नप कुल्लू के वार्ड नंबर एक में जेसीबी से ब्यास नदी किनारे मलबा फेंक जा रहा है।
जबकि यहां से करीब पांच मिनट की दूरी पर नगर परिषद का कार्यालय है, इतना ही नहीं नगर परिषद के वार्ड नंबर एक और दो के पार्षदों के घर भी इसके आसपास ही हैं।
लेकिन उसके बावजूद भी मौके पर किसी ने भी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।
पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय लोगों की मानें तो इस तरह से नदी में मलबा फेंकना गैर कानूनी होने के बावजूद भी कुछ लोग इस तरह के कार्य करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
गौरतलब है कि एनजीटी द्वारा नदी में किसी भी तरह का कूड़ा – कचरा और मलबा न फेंकने के आदेश भी जारी किए हैं। लेकिन यहां एनजीटी के आदेशों को सरेआम ठेंगा दिखाकर नदी में मलबा फेंक जा रहा है।
वहीं जब इस संदर्भ में नगरपरिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि इस तरह से कौन नदी में मलबा फेंक रहा है।
उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में जानकारी जुटाई जाएगी। और जिसने भी नदी में मलबा फेंका है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल के लाई जाएगी।
उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति नगरपरिषद के एरिया में किसी भी तरह का मलबा और कूड़ा – कचरा फेंकता दिखाई दे तो उसकी सूचना उन्हें दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।
