कुल्लु टुडे
कुल्लू
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2021 सत्र में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक बार फिर से बढ़ा दी है। अब छात्र इग्नू में रजिस्ट्रेशन और री-रजिस्ट्रेशन के लिए 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक ही थी।
कुल्लू अध्ययन केंद्र-1107 की को-ऑर्डिनेटर प्रो. सीमा शर्मा ने बताया कि इग्नू में जुलाई 2021 सत्र में एडमिशन और री-रजिस्ट्रेशन आधिकारिक पोर्टल पर जाकर करना है। उन्होंने बताया कि इग्नू की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय ने जुलाई 2021 सत्र में ऑनलाइन प्रोग्राम और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी है।
प्रो. सीमा शर्मा ने बताया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को जुलाई सत्र में एडमिशन के लिए फीस का भुगतान नहीं करना होगा। इग्नू ने नए एडमिशन और री-जिस्ट्रेशन करने वाले विद्यार्थियों को इसमें छूट दी है। उम्मीदवार इस संबंध में अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि कोई विद्यार्थी किसी कारणवश अभी तक फ्रेश एडमिशन और री-जिस्ट्रेशन नहीं कर पाए हैं। वे 15 सितंबर से पहले इसका लाभ ले सकते हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय विभिन्न यूजी, पीजी, पीजी डिप्लोमा, प्रमाण पत्र, एडवांस्ड डिप्लोमा सहित अन्य कोर्सेज को जनवरी और जुलाई अलग-अलग सत्रों में आयोजित करता है। इन दिनों जुलाई, 2021 सत्र में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन और री-रजिस्ट्रेशन हो रहा है।
प्रो. सीमा शर्मा ने बताया कि किसी विद्यार्थी को यदि एडमिशन या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे कुल्लू अध्ययन केंद्र में संपर्क भी कर सकते हैं।
