कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग) उप क्षेत्रीय कार्यालय हमीरपुर को पारिवारिक उपभोक्ता व्यय सर्वेक्षण पर एक दिवसीय क्षेत्रीय समीक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है। सर्वेक्षण 1 अगस्त 2022 से हिमाचल प्रदेश राज्य के साथ-साथ सम्पूर्ण भारत में एक वर्ष की अवधि के लिए किया जा रहा है।
इस सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्र की गई जानकारी से सरकार जीवन स्तर, सामाजिक उपभोग और कल्याण, असमानता आदि पर नीति निर्धारण करेगी।

अल्ताफ हुसैन हाजी, उप महानिदेशक, राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग) शिमला ने इस क्षेत्रीय समीक्षा प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता की व अपने संबोधन में पारिवारिक उपभोग व्यय सर्वेक्षण के महत्व व बदलते परिवेश में डेटा की उपयोगिता व उचित योजना और नीति निर्माण के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में प्रकाश डाला। क्षेत्रीय समीक्षा प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्रीय कार्यालय शिमला, उप क्षेत्रीय कार्यालय हमीरपुर, मंडी और धर्मशाला के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में अल्ताफ हुसैन हाजी, उप महानिदेशक ने हिमाचल प्रदेश की सम्मानित जनता से अपील किया कि वे इस सर्वेक्षण को सफल बनाने और राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए सही जानकारी प्रदान करें।
