कुल्लू टूडे
कुल्लू
पिछले दिन पतलीकुहल में जिस तरह से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों के साथ अभद्रता की और उनको धमकाते हुए अपना काम करने से रोकने का जो प्रयास किया, वह पूरी तरह से निंदनीय है। इसे किसी भी तरह से सहन नहीं किया जा सकता है।
इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए हिमाचल
डिजीटल मीडिया एसोसियेशन के जिलाध्यक्ष धर्मचंद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद महंत व महासचिव प्रताप अरनोट ने कांग्रेस नेताओं को साफ तौर पर कहा
कि वह अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाए। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृति न हो।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिन पतलीकुहल में आयोजित कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस के कार्यकर्ता व नेता आपस में भिड़ गए।
कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैठक
स्थल से बाहर निकल कर खुले में आ गए। वहां पर बढ़ी संख्या में मीडिया
कर्मी भी पहुंचे हुए थे। जिनको कांग्रेस पार्टी की तरफ से कवरेज का
न्यौता दिया गया था।
जब मीडिया कर्मी इस घटना की कवरेज कर रह थे तो कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों से अभद्रता करने के साथ ही उनको धमकाते हुए जबरन उनके कैमरे बंद करवाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं एक महिला मीडिया कर्मी के साथ भी अभद्रता करते हुए जबरन उनका कैमरा
बंद करवाने का प्रयास किया गया।
हिमाचल डिजीटल मीडिया एसोसियेशन ने इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं को लताड़ लगाई है कि जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों से अभद्र व्यवहार किया है वह मीडिया कर्मियों से माफी मांगे। अन्यथा डिजीटल मीडिया कर्मी कांग्रेस के कार्यक्रमों की कवरेज करने से पूरी तरह परहेज करेंगे।
