कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
अदाणी सीमेंट समूह की एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा में सीमेंट-क्लिंकर की कम मांग को लेकर बीडीटीएस सदस्यों का रोष प्रदर्शन रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। ट्रांसपोर्टरों ने पर्याप्त ढुलाई कार्य उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाया।
सभा के सदस्य एवं पूर्व महासचिव सुरेश चौधरी ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को पर्याप्त काम नहीं मिलने से ऑपरेटरों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
उन्होंने प्रबंधन से स्थिति स्पष्ट करने और ढुलाई कार्य सामान्य करवाने की मांग की। अब सोमवार को आंदोलन की अगली दिशा तय होगी।
सभा के प्रधान जीत राम गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे सभी 21 सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक में मौजूदा स्थिति पर चर्चा के बाद आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
इसमें एसीसी प्रबंधन के खिलाफ धरना देने अथवा प्रशासन के साथ वार्ता करने सहित अन्य विकल्पों पर निर्णय लिया जा सकता है। बैठक के बाद आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
नीलम चंदेल ने कहा कि सीमेंट समूह के साथ हुए एग्रीमेंट में काम कम करने या व्यवस्था में किसी प्रकार की छेड़छाड़ पर सहमति नहीं बनी थी।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो माह से बरमाणा में ढुलाई कार्य प्रभावित है। कभी कोयले की कमी तो कभी प्लांट में ब्रेकडाउन का हवाला दिया जा रहा है, जबकि अन्य स्थानों पर सीमेंट-क्लिंकर की ढुलाई सामान्य रूप से जारी है।
पूर्व चेयरमैन एवं प्रधान लेखराम वर्मा ने कहा कि अंबुजा में डिमांड सुचारू रूप से चल रही है तथा कीरतपुर-आनंदपुर क्षेत्र के डंपों में भी काम जारी है। ऐसे में बरमाणा में ही काम की कमी का कारण समझ से परे है।
उन्होंने प्रबंधन से स्थिति स्पष्ट करने और वार्ता के माध्यम से पर्याप्त ढुलाई कार्य उपलब्ध करवाने की मांग की।
प्रधान जीत राम गौतम ने कहा कि फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण और सांकेतिक है। यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन का दायरा बढ़ाया जा सकता है।
प्रदर्शन में जीत राम गौतम, पूर्व कोषाध्यक्ष बालक राम कपिल, ध्यान सिंह ठाकुर, नीलम चंदेल, सुरेश चौधरी, राजेश ठाकुर, सुभाष कपिल, रत्न लाल, विकास भार्गव, जय सिंह, कुलदीप, राजीव कपूर, ब्रज भूषण सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
