Spread the love

कुल्लू टुडे

बंजार

बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों में हो रही निरंतर अनदेखी के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी मंडल बंजार की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन बंजार स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में किया गया।

बैठक में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक में बंजार विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विकास स्थिति, जनहित से जुड़े लंबित कार्यों तथा सरकार की उदासीन कार्यशैली पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके उपरांत बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जर्जर एवं खस्ताहाल सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर बंद पड़े टारिंग कार्य, बंजार महाविद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पद, नागरिक अस्पताल बंजार के नए भवन का रुका निर्माण एवं अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, सब्जी मंडी निर्माण कार्य के ठप होने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बंजार के माध्यम से प्रदेश सरकार को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए इन सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने की मांग की।

इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के बजाय उन्हें ठंडे बस्ते में डालने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-305 की बदहाल स्थिति से प्रतिदिन हजारों स्थानीय लोगों, पर्यटकों, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं की बदहाल स्थिति सरकार की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

उन्होंने कहा कि सरकार की निष्क्रियता के कारण बंजार विधानसभा क्षेत्र के अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। भाजपा जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

शौरी ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इन जनहित के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा जनसहभागिता के साथ आंदोलन को और व्यापक रूप देगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!