Spread the love
कुल्लू टुडे
कुल्लू
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में गीत-संगीत कला मंच के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की की गई।
गोपालपुर पंचायत के थाटी बीड़ में कलाकारों ने अभिनय, गीत-संगीत एवं संवादों के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति योजनाओं, स्वरोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों, आवास योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं, मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना,अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, मैट्रिक-पूर्व और मैट्रिक-उत्तर छात्रवृत्ति, स्व रोजगार योजना आदि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने योजनाओं के प्रति जागरूकता की कमी, सामाजिक चुनौतियों तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आने वाली समस्याओं को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही लोगों को संबंधित विभागों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने एवं पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक जैसे सांस्कृतिक माध्यमों से दी गई जानकारी सहज, रोचक एवं प्रभावी होती है, जिससे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है। कलाकारों ने अपने संदेश के माध्यम से लोगों को शिक्षा, सामाजिक समानता, स्वावलंबन एवं सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा अनुसूचित जाति वर्ग सहित सभी पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जिला के विभिन्न गांवों एवं पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित हो सकें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!