कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
सदर क्षेत्र के कोर्ट रोड पर खड़ा द बिलासपुर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मार्केटिंग एंड कंज्यूमर फेडरेशन का मिट्टी के तेल का टैंकर अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी और संभावित हादसों को न्यौता दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह टैंकर सड़क किनारे खड़ा रहने से यातायात बाधित होता है, खासकर तब जब वीवीआईपी मूवमेंट होता है।
इस दौरान राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने उपायुक्त राहुल कुमार से मांग की है कि इस टैंकर को यहां से तुरंत हटाया जाए।
उनका कहना है कि इस स्थान पर यदि पार्किंग की व्यवस्था की जाए तो ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है।
गौरतलब है कि कोर्ट रोड पर पहले ही भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, ऐसे में यह टैंकर समस्या को और बढ़ा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेता व हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल से भी संपर्क किया है।
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उपायुक्त से बातचीत कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा और भविष्य में यहां पार्किंग की व्यवस्था बनाने पर भी विचार किया जाएगा।

