कुल्लू टुडे
मणिकर्ण, ओम बौद्ध
जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में मिनी इजरायल के नाम से जाने जानी वाले कसोल क्षेत्र में एक विदेशी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोरक्को निवासी 29 वर्षीय युवती अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कुल्लू-मनाली आई थी, और कसोल के एक निजी होटल में ठहरी हुई थी। जहां युवती का शव एक निजी होटल के बाथरूम में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, युवती के परिजनों और संबंधित दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
