Spread the love

कुल्लू टुडे

कुल्लू

अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत राज्य कर एवं आबकारी विभाग, कुल्लू द्वारा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने दो अलग-अलग मामलों का पता लगाते हुए कुल 45 पेटी शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी, कुल्लू जिला, हिमाचल प्रदेश मनोज डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग ने दो अलग-अलग मामलों में रामशिला, कुल्लू स्थित एक टिन शेड व तलोगी, कुल्लू के समीप एक कार से देशी शराब 30 पेटी अंग्रेजी शराब, 3 पेटी व बीयर 12 पेटी कुल 45 पेटी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को मौके पर विधिवत जब्त कर लिया गया है।

दोनों मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग, कुल्लू अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, राजस्व संरक्षण तथा आबकारी कानूनों के सख्त अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।

उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री संबंधी किसी भी सूचना को विभाग के साथ साझा कर कानून के प्रभावी क्रियान्वयन एवं राजस्व संरक्षण में अपना सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान विभाग की एक विशेष टीम जिसमें फूल चन्द राणा, सहायक आयुक्त (आबकारी), कुल्लू पंकज राणा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी (आबकारी), कुल्लू, राकेश कुमार, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, कुल्लू सर्किल, सुरेश कुमार शर्मा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, बंजार सर्किल देश राज, मानद मुख्य आरक्षी (HHC) नं. 733 अशोक कुमार, आरक्षी नं. 722, खीमा राम, आरक्षी नं. 721 शामिल रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!