कुल्लू टुडे
कुल्लू
जिला कुल्लू में राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश की अधिसूचना संख्या SEC (E)1/49/2025-1958, 21.4.2026 के अनुसार शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों के दृष्टिगत दिनांक 17 मई, 2026 को होने वाले मतदान एवं मतगणना की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय), अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू के अंतर्गत नगर परिषद कुल्लू, नगर परिषद मनाली, नगर पंचायत भुंतर, नगर पंचायत बंजार तथा नगर पंचायत निरमंड में मतदान करवाया जाएगा, जिसमें 39 वार्डों के 44 मतदान केंद्रों में 100 उम्मीदवारों के लिए मतदान होगा।
मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से सम्पन्न होगी। मतदान समाप्ति के उपरांत उसी दिन नियमानुसार मतगणना भी करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सभी मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं और कल के मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल, सेक्टर अधिकारियों तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
मतदाताओं की सुविधा हेतु आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं तथा सभी मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) कुल्लू ने जिला के सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने मताधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग करने की अपील की है।
उन्होंने आमजन से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
