कुल्लू टुडे
बिलासपुर,कश्मीर ठाकुर
डीएवी पब्लिक स्कूल बरमाना में पिछले दो सप्ताह से रिक्त चल रहे प्रधानाचार्य पद पर विश्वास शर्मा ने कार्यभार संभाल लिया है।
इससे पूर्व इस पद पर सुनील गांगटा सेवाएं दे रहे थे, जबकि विश्वास शर्मा देहरा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नवनियुक्त प्रधानाचार्य के स्वागत में विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य द्वार पर पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
इसके बाद पारंपरिक “कॉइन डिपिंग” की रस्म निभाई गई, जिसमें जल में सिक्का डालकर विद्यालय की समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर शिक्षकों ने मोबाइल लाइटिंग के साथ स्वागत करते हुए केक काटकर खुशी जाहिर की। इसके उपरांत स्टाफ के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के विकास और शैक्षणिक सुधारों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने आस्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
विश्वास शर्मा ने डीएवी संस्थान के प्रेसिडेंट पूनम सूरी और निदेशक डॉ. वी. सिंह का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अत्यंत सक्रिय है और डिजिटल युग में जहां सुविधाएं बढ़ी हैं।
वहीं मोबाइल के कारण ध्यान भटकने की समस्या भी सामने आई है। ऐसे में शिक्षा और तकनीक के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि उनके पास 20 वर्षों का शिक्षण अनुभव है, जिसमें 10 वर्षों का अनुभव प्रधानाचार्य के रूप में रहा है।
उनका लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को हर क्षेत्र में समान अवसर मिले और उनमें आत्मविश्वास का विकास हो।
उन्होंने कहा कि जीवन में उच्च आदर्श स्थापित करना ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि सफलता से पहले इंसानियत जरूरी है और शीर्ष पर पहुंचकर उस स्थिति को बनाए रखना ही वास्तविक उपलब्धि होती है।
