कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की चर्चित पहाड़ी गायिका एवं म्यूजिक प्रोड्यूसर महिमा ठाकुर ने बिलासपुर पहुंचकर धार्मिक स्थलों में माथा टेक अपनी आस्था प्रकट की।
अपने ससुराल प्रवास के दौरान उन्होंने कुलदेवी बड़ोली के साथ-साथ माँ नयना देवी मंदिर और शहर के धौलरा मंदिर में बाबा नाहर बजिया के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर उनके साथ उनके पति अंकुश राणा, पुत्र मारुती राणा तथा डिजिटल क्रिएटर नैंसी और बलवंत भी मौजूद रहे।
माँ नयना देवी मंदिर में मंदिर के पुजारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें सम्मान स्वरूप चुनरी भेंट की जिस पर उन्होंने आभार व्यक्त किया।
धौलरा मंदिर में स्थानीय अधिवक्ताओं व गणमान्य लोगों ने भी उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले बरमाणा स्थित एक होटल में गायक संजीव भारद्वाज, सुरेश वर्मा ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की।
महिमा ठाकुर ने पहाड़ी संगीत में अपनी अलग पहचान बनाई है और एक सफल म्यूजिक प्रोड्यूसर के रूप में भी उभरकर सामने आई हैं। वर्ष 2020 में कुनिहार में स्थापित उनका म्यूजिक प्रोडक्शन हाउस निरंतर प्रगति कर रहा है।
बचपन से संगीत के प्रति समर्पित महिमा ने परिवार की अपेक्षाओं का सम्मान करते हुए प्रारंभिक शिक्षा मेडिकल स्ट्रीम में पूरी की, लेकिन अंततः अपने जुनून को अपनाते हुए संगीत में उच्च शिक्षा हासिल कर इस क्षेत्र में कदम रखा।
संघर्षों से भरे अपने सफर में उन्होंने आर्थिक और मानसिक चुनौतियों का डटकर सामना किया और लगातार मेहनत के बल पर अपने हुनर को निखारा। विवाह के बाद उनके पति अंकुश राणा भी उनके करियर में मजबूत सहयोगी बनकर साथ खड़े हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही बिलासपुर की खूबसूरत लोकेशनों पर प्रसिद्ध गायक सुरेश वर्मा के साथ उनका नया गीत फिल्माया जाएगा। वर्तमान में उनके पास लगभग 20 म्यूजिक प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें करीब 70 गीत शामिल हैं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पारंपरिक गीतों की आत्मा को बनाए रखते हुए उन्हें आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत करना समय की जरूरत है, ताकि युवा पीढ़ी भी अपनी संस्कृति से जुड़ सके और लोक परंपराएं जीवित बनी रहें।
