कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में अच्छे संस्कारों का बीजारोपण करने में सरस्वती विद्या मंदिर का कोई सानी नहीं है।
यह बात बरमाना स्थित एशिया की सबसे बड़ी ट्रक परिवहन सहकारी सभा के प्रधान प्रधान नीलम चंदेल ने एसवीएम मेन मार्केट बिलासपुर में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कही।
नीलम चंदेल ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का उदाहरण हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर एवं विद्या भारती की शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यहां बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जाते हैं, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।
समारोह में बरमाना ट्रक परिवहन सभा के महामंत्री सुरेश कुमार ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
अतिथियों ने शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य वक्ता कैप्टन बाबू राम ठाकुर ने कहा कि विद्या भारती की सबसे बड़ी विशेषता इसकी संस्कारयुक्त शिक्षा प्रणाली है, जिसमें बौद्धिक विकास के साथ-साथ नैतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का समन्वय किया जाता है।
उन्होंने कहा कि देशभर में संचालित विद्या भारती के विद्यालयों ने यह सिद्ध कर दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भारतीय संस्कृति एक-दूसरे की पूरक हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रंजना शर्मा ने विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी दी।
वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मंच संचालन नीलम ठाकुर एवं प्रोमिला राठौर ने किया, जबकि दीदी निर्मला कौंडल, सुनीता और रक्षा ने सहयोगी की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सुरेश चौधरी, नमहोल एसवीएम विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मचंद, डियारा एसवीएम विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार सहित विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य अंजना शर्मा, सीता जसवाल, अरुणा शर्मा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
