कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
ग्राम पंचायत सुई सुरहाड़ के प्रतिनिधिमंडल ने आज उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार से भेंट कर पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बाड़नू दिग्थली के गांव बाड़नू एवं घनसेड को ग्राम पंचायत सुई सुरहाड़ में शामिल किए जाने के प्रस्ताव पर कड़ा विरोध दर्ज करवाया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि यह पुनर्गठन ग्राम सभा की विधिवत बैठक एवं स्पष्ट सहमति के बिना किया जा रहा है, जो पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार ग्राम सभा आयोजित की गई थी, किंतु वह पूर्ण रूप से संपन्न नहीं हो सकी और उसमें केवल 14 सदस्य उपस्थित रहे।
उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह स्पष्ट किया था कि ग्राम पंचायत बाड़नू दिग्थली के गांव बाड़नू एवं घनसेड को ग्राम पंचायत सुई सुरहाड़ में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
इसके बावजूद ग्राम सभा की पूर्व स्वीकृति के बिना ही पुनर्गठन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गईए जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि उक्त गांवों को ग्राम पंचायत सुई सुरहाड़ में जोड़ा जाता है, तो ग्राम सभा की जनसंख्या 2127 तक पहुंच जाएगी, जबकि ग्राम पंचायत बाड़नू दिग्थली की जनसंख्या मात्र 720 रह जाएगी।
इससे ग्राम पंचायत सुई सुरहाड़ के विकासात्मक कार्यों, संसाधनों के वितरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले पर नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
