कुल्लू टूडे
मनाली
विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के कलाथ क्षेत्र में एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश से घूमने आया एक 18 वर्षीय पर्यटक ब्यास नदी में बह गया। पुलिस और रैस्क्यू टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।
नासिर अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था। घटना के समय युवक अपने दोस्तों के साथ ब्यास नदी के किनारे मौजूद था।
बताया जा रहा है कि वह अपने ग्रुप से करीब 200 मीटर दूर जाकर फोन पर बात करते हुए नदी की ओर बढ़ रहा था।
इसी दौरान अचानक युवक पैर फिसला और वह सीधे नदी में जा गिरा। नासिर को डूबता देख उसके तीन दोस्तों ने जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे युवक को पकड़ नहीं सके और वह देखते ही देखते ओझल हो गया। युवक के दोस्तों ने बताया नासिर को तैरना भी नहीं आता था।
इस सबंध में जानकारी देते हुए एसपी मदन लाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों और युवक के दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए हैं। लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान नासिर (18) पुत्र यासीन, निवासी दोवाई, डाकघर गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
