कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
सीमेंट नगरी बरमाना क्षेत्र के लगट इलाके में इन दिनों युवाओं को अपनी चपेट में लेता खतरनाक नशा चिट्टा सामाजिक चिंता का गंभीर विषय बनता जा रहा है।
क्षेत्र में बीते कुछ समय से नशे की इस घातक लत के कारण युवाओं के व्यवहार और गतिविधियों में अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में तीन-चार युवाओं की हरकतों ने क्षेत्र में गदर मचा दिया। नशे की हालत में इन युवाओं द्वारा की जा रही अनियंत्रित गतिविधियों से न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ये युवक पहले सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन चिट्टा नशे की लत ने उनका भविष्य अंधकारमय कर दिया है।
चिंताजनक बात यह भी है कि लगट क्षेत्र में अब चिट्टा माफिया की सक्रियता साफ तौर पर देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बाहरी तत्वों की आवाजाही बढ़ी है और संगठित तरीके से नशे की खेप सप्लाई की जा रही है।
इससे संकेत मिलते हैं कि यह नशा अब व्यक्तिगत समस्या न रहकर संगठित अपराध का रूप ले चुका है।
क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चिट्टा तस्करों और इसमें संलिप्त माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ी को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। साथ ही नशे के शिकार युवाओं के लिए काउंसलिंग और पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठ रही है।
स्थानीय जनता को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए नशे के इस जाल को तोड़ने के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
