Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर जिला के निजी बस ऑपरेटरों ने अपनी यूनियन की मौजूदा कार्यकारिणी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पूर्व प्रधान अनिल मिंटू की अगुवाई में बड़ी संख्या में बस ऑपरेटरों ने मौजूदा नेतृत्व पर निष्क्रियता और हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

इसी कड़ी में ऑपरेटरों ने 4 सितंबर को आम सभा आयोजित कर नई कार्यकारिणी के चुनाव करवाने का ऐलान कर दिया है।

पत्रकारों से बातचीत में पूर्व प्रधान अनिल मिंटू ने स्पष्ट कहा कि मौजूदा कार्यकारिणी बस ऑपरेटरों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यूनियन के पदाधिकारी ऑपरेटरों के मुद्दों को उठाने में नाकाम साबित हुए हैं।

जबकि आरटीओ कार्यालय के साथ भी चहेते लोगों को तवज्जो दी जा रही है। इससे अधिकांश बस मालिकों और ऑपरेटरों में गहरा रोष व्याप्त है।

अनिल मिंटू ने उदाहरण देते हुए कहा कि आरटीओ कार्यालय ने बस ऑपरेटरों की सुविधा के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, लेकिन उसमें चुनिंदा लोगों को ही शामिल किया गया है।

अधिकांश ऑपरेटर इससे वंचित रह गए हैं, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जानकारी और जरूरी सूचनाएं समय पर नहीं मिल पातीं।

यही नहीं, समय सारिणी के मामले भी अब तक लंबित पड़े हुए हैं, जिससे ऑपरेटरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकारिणी की निष्क्रियता के कारण निजी बस ऑपरेटरों की आवाज दबकर रह गई है।

इसीलिए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि 4 सितंबर को आम सभा में चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी और नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

अनिल मिंटू का कहना है कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद निजी बस ऑपरेटरों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

उनका दावा है कि ऑपरेटरों को एकजुट कर मजबूत नेतृत्व देने के लिए ही यह कदम उठाया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी ऑपरेटर को दरकिनार न किया जा सके और सबकी समस्याओं का हल समय पर हो सके।

Leave a Reply

error: Content is protected !!