Spread the love

कुल्लू टूडे

मंडी

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर पनारसा के पास बनाला में फोरलेन पर हुए भूस्खलन को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। कुछ व्यक्तियों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि भूस्खलन की चपेट में लोग और वाहन आए हैं तथा जनहानि हुई है, जबकि इस संबंध में अभी तक कोई साक्ष्य सामने नहीं आए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि बुधवार रात लगभग साढ़े आठ बजे बनाला के पास ऊंची पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ था, जिसका मलबा नदी तक पहुंचा। प्रातःकाल तड़के ही मौके पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

एसडीएम बालीचौकी देवीराम और तहसीलदार लगातार घटना स्थल पर मौजूद हैं और कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

अब तक हटाए गए मलबे से किसी भी व्यक्ति या वाहन के दबने की कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने आया है। अगले कुछ घंटों में शेष मलबा भी हटा दिया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि जब तक प्रशासन से कोई सत्यापित सूचना न मिले, तब तक इस तरह की अफवाहें न फैलाएं।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस दिन-रात राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में लगे हुए हैं।

उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि रात के समय अनावश्यक यात्रा से परहेज करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!