Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

केंद्र सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के ढांचे में जो ऐतिहासिक सुधार किए हैं, वे न केवल आम जनता को राहत देने वाले हैं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाले भी साबित होंगे।

यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने मीडिया में जारी व्यान में कही।

उन्होंने कहा कि जीएसटी के 12% और 28% के स्लैब खत्म कर केवल दो दरें 5% और 18% लागू करने का निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस जन-कल्याणकारी सोच का परिणाम है, जिसमें सदैव गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी और श्रमिक परिवारों का हित सर्वोपरि रखा गया है।

पूर्व मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने बताया कि जिन वस्तुओं पर पहले 12% जीएसटी लगता था, वे अब केवल 5% पर उपलब्ध होंगी। इसका सीधा लाभ हर घर को मिलेगा।

टूथपेस्ट, साबुन, तेल, दवाइयाँ, नमकीन, स्नैक्स, बर्तन, सिलाई मशीन, कृषि उपकरण जैसे सामान अब आम आदमी की पहुँच में और ज्यादा सस्ते होंगे।

उन्होंने कहा कि 28% श्रेणी में आने वाले 90% उत्पाद अब 18% के दायरे में आकर लगभग 10% सस्ते हो जाएंगे।

इससे सीमेंट, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, ब्यूटी प्रोडक्ट, रेडी-मिक्स कंक्रीट जैसे रोज़मर्रा और घरेलू उपयोग के सामान भी आम जनता को कम कीमतों में मिलेंगे।

पूर्व मंत्री ने कहा कि इस निर्णय से किसानों और छोटे उद्योगों को विशेष लाभ होगा। कृषि मशीनरी, सोलर वॉटर हीटर, सार्वजनिक परिवहन वाहन जैसी वस्तुओं पर टैक्स घटने से किसानों का उत्पादन लागत कम होगी और उनकी आय बढ़ेगी।

इसी प्रकार, एमएसएमई सेक्टर, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, सस्ते कच्चे माल और उपकरण मिलने से अधिक प्रतिस्पर्धी होगा। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को और गति मिलेगी।

गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि जीएसटी दरों में यह सुधार महंगाई को नियंत्रित करेगा। जब आवश्यक वस्तुएँ सस्ती होंगी, तो मांग बढ़ेगी और खपत को गति मिलेगी। इससे बाजार में नई ऊर्जा आएगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस बदलाव से लगभग 1.98 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त खपत होगी।

यह आँकड़ा इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार का यह निर्णय केवल टैक्स सुधार नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था में नई जान फूंकने वाला कदम है।

भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने जहाँ आम जनता की राहत के लिए टैक्स दरें घटाई हैं, वहीं विलासिता की वस्तुओं पर 40% कर लगाने का प्रस्ताव लाकर सामाजिक न्याय और समानता का संदेश दिया है।

निजी विमान, लक्जरी कार, महंगे कंसंट्रेटेड प्रोडक्ट जैसे उत्पादों पर उच्च कर लगाकर यह सुनिश्चित किया गया है कि अमीर वर्ग भी देश के विकास में अपना उचित योगदान दे।

गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बार-बार यह साबित किया है कि उनका हर निर्णय जनता के हित में है।

उन्होंने कहा कि यह कदम स्पष्ट करता है कि मोदी सरकार सिर्फ आंकड़ों या बजट तक सीमित नहीं है, बल्कि आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाना ही उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

पूर्व मंत्री ने कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें टैक्स सुधारों को टालती रहीं, जबकि मोदी सरकार ने साहसिक निर्णय लेकर जनता का बोझ कम करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में कभी इतना साहस नहीं दिखाया गया कि विलासिता की वस्तुओं पर 40% टैक्स लगाकर गरीब और मध्यम वर्ग को राहत दी जाए।

गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सुधार देश की अर्थव्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और आधुनिक बनाएगा।

टैक्स ढांचा जितना सरल होगा, व्यापारियों और निवेशकों को उतनी ही सुविधा होगी। यह कदम देश में निवेश का माहौल बनाएगा और भारत को एक वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

अंत में भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ टैक्स सुधार नहीं बल्कि जनता की जिंदगी में आई राहत और उम्मीदों का नया अध्याय है। मोदी सरकार ने फिर साबित कर दिया है कि वह हर कदम जनता के लिए और जनता के साथ है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!