Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ किरतपुर-नेरचौक फोरलेन सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बलोह और गरामोड़ा टोल प्लाज़ा के मध्य प्रभावित स्थलों का दौरा किया और मंडी भराड़ी, थापना व समलेटू क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं का विस्तृत जायज़ा लिया।

उल्लेखनीय है कि बीते दिवस उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में एनएचएआई अधिकारियों को अतिरिक्त मशीनरी और श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा प्रभावित सड़क की बहाली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए थे।

इन निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएचएआई व निर्माण कंपनी ने अधिकतर प्रभावित स्थलों से मलबा हटाकर यातायात को दोनों ओर से बहाल कर दिया है।

परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि शेष स्थानों पर भी बहाली का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि मेहला के समीप प्रभावित हिस्से पर प्रशासन के निर्देशानुसार युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त मशीनरी व जनशक्ति तैनात की गई है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल आरंभ किए जाएंगे।

इस अवसर पर एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!