कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल बरमाणा में आयोजित क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में वुशू, कराटे और जूडो खेलों का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल बरमाणा, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल एसीसी बरमाणा, डीएवी बिलासपुर, डीएवी लझियानी और डीएवी घुमारवीं के कुल 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में मेजबान डीएवी पब्लिक स्कूल बरमाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वुशू प्रतियोगिता में कुल 23 पदक जीते, जिनमें 6 स्वर्ण, 5 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर डीएवी बरमाणा ने वुशू प्रतियोगिता की ऑल ओवर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ वुशू संगठन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट एवं हिमाचल वुशू संघ के महासचिव पीएन आजाद ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
साथ ही डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गरयोह के प्रधानाचार्य व डीएवी बरमाणा के मैनेजर संजीव ठाकुर, तथा डीएवी पब्लिक स्कूल झबोला के प्रधानाचार्य रवि कुमार ने पर्यवेक्षक के रूप में प्रतियोगिता में सहभागिता निभाई।
कराटे प्रतियोगिता में डीएवी बिलासपुर ने ऑल ओवर ट्रॉफी जीती, जबकि द्वितीय स्थान पर डीएवी घुमारवीं और तृतीय स्थान पर डीएवी लझियानी रहा।
जूडो प्रतियोगिता में भाग लेने वाली एकमात्र टीम डीएवी बिलासपुर रही, जिसने इस वर्ग में अपना वर्चस्व कायम रखा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने विजेता छात्र-छात्राओं, खेल शिक्षक विकास शर्मा और सभी अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह परिश्रम करते रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों और सभी प्रतिभागियों के लिए खाने-पीने की उत्तम व्यवस्था की गई थी।
प्रतियोगिता का समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के शानदार उदाहरण के रूप में हुआ।
