कुल्लू टुडे
हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेमकुमार धूमल के आग्रह पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुजानपुर में जल शक्ति विभाग व बिजली बोर्ड के डिवीजन कार्यालय खोलने की घोषणा कर दी। मौका था चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय सुजानपुर होली मेले के समापन समारोह का। जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलित करके शुभारंभ किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर होली मेले के इतिहास के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान सुजानपुर होली मेले का आयोजन नहीं हो सका था, लेकिन इस बार बहुत बढ़िया तरीके से सुजानपुर होली मेला धूमधाम से मनाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सुजानपुर में जल शक्ति विभाग व बिजली बोर्ड का डिवीजन खोलने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में धौलासिद्ध प्रोजेक्ट भी शुरू हो रहा है, जिसके तहत यहां पर काफी संख्या में पानी की योजनाएं स्थापित होंगी। ऐसे में यहां पर बिजली और जल शक्ति विभाग का डिवीजन खोलना आवश्यक है। इस अवसर पर सीएम जयराम ठाकुर ने होली उत्सव नामक पुस्तक का भी विमोचन किया।
जिस पर मुख्यमंत्री जयराम ने प्रो. धूमल की मांग को सुनते ही तुरंत घोषणा करते हुए कहा कि सुजानपुर में बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग के डिवीजन खोले जाएंगे। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने मझोग सुल्तानी की पशु डिस्पेंसरी का दर्जा बढ़ाकर पशु अस्पताल बनाने की भी घोषणा की है।
वहीं डिवीजन कार्यालय खोलने की घोषणा पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमलके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा, विधायिका कमलेश कुमारी और विधायक नरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।
