कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाले मुख्य शूटर सागर को हिमाचल पुलिस ने दिल्ली व हरियाणा के बॉर्डर नजफगढ़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की माने तो गोलीकांड के बाद से फरार चल रहे सागर को पुलिस ने हरियाणा बॉर्डर पर नजफगढ़ में एक दोस्त के घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वह नजफगढ़ में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया।
हालांकि, इस मामले में तीन शूटर और एक स्थानीय आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सागर के माता-पिता से लगातार पूछताछ करने के बाद पुलिस को उसके छिपे होने की जगह की जानकारी मिली। यह भी पता चला कि उसके कई साथियों से भी पुलिस ने लंबी पूछताछ की।
उसके बाद एसआईटी प्रमुख डीआईजी मंडी रेंज सौम्या सांबशिवन ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी करके रोहतक जिले के साथ लगते नजफगढ़ से सागर को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
वहीं, दूसरे शूटर अमन के पिता अशोक से भी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर लंबी पूछताछ की। माना जा रहा है कि जल्द ही अमन की गिरफ्तारी हो सकती है।
जबकि, तीसरे शूटर की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के बॉबी के रूप में हुई है। चौथा शूटर अजय कुमार बताया जा रहा है।
सागर की गिरफ्तारी के बाद अब बंबर ठाकुर पर हुई गोलीबारी की घटना से पर्दा उठने की संभावना प्रबल हो गई है।
गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाले चार शूटरों में से तीन अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं इसके अलावा पुलिस एक स्थानीय आरोपी को तलाश कर रही है, जो वारदात के बाद से भूमिगत हो चुका है।
गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाले चार शूटरों में से तीन अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं इसके अलावा पुलिस एक स्थानीय आरोपी को तलाश कर रही है, जो वारदात के बाद से भूमिगत हो चुका है।
पुलिस की टीमें हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने सागर की गिरफ्तारी के बाद अब बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि दो अन्य शूटरों की भी अब पहचान हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों मंजीत नड्डा, रोहित राणा और रितेश को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की और पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था। अब उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इन पर शूटरों को भगाने में मदद करने का आरोप है।
उधर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर व पीएसओ संजीव कुमार की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
