Spread the love

कुल्लू टूडे

मंडी

हिमाचल प्रदेश रैडक्रास सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर ने रविवार को जिला मंडी के सराज क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ में उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति सम्मान एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस दौरान उन्होंने बेहतर कार्य करने के लिए स्कूल प्रबंधन समितियों को सम्मानित किया। इससे पहले डॉ. साधना ठाकुर ने बगस्याड़ स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन भी किया।
इस मौके अपने संबोधन में डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति को राज्य में पूरी तरह से लागू किया जा रहा है । समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत हर घर पाठशाला योजना आरंभ की गयी है।

उन्होंने कहा कि सभी राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान है। स्कूल प्रबंधन समितियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समितियों में ऐसे लोगों को शामिल करने का आह्वान किया जो विद्यार्थियों के भविष्य संवारने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने जन प्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारियों का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा खंड बगस्याड़ के 10 पात्र गरीब विद्यार्थियों को मोबाइल तथा मोबाइल रिचार्ज हेतु नगद राशि भी प्रदान की। उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 40 हजार रुपये की राशि भी वितरित की।

उन्होंने रैडक्रॉस सोसाइटी की ओर से पात्र लोगों को वित्तीय सहायता तथा 24 दिव्यांगों को व्हील चेयर भी प्रदान की। उन्होंने इस अवसर पर स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए अपनी ओर 15 हजार रुपये देने की घोषण की।

उन्होंने युवक व महिला मंडलों को खेल सामग्री भी वितरित की। उन्होंने पढ़ना-लिखना अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले वंलनटियर टीचर को भी सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के उप सचिव एन.के. शर्मा ने राज्य सरकार द्वारा आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं बारे विस्तार से लोगों को जानकारी प्रदान की।

Leave a Reply

error: Content is protected !!