कुल्लू टूडे
कुल्लू
जलशक्ति विभाग की लापरवाही के चलते खराहल घाटी के चन्झड़ गांव में लोगों के घरों में एक हफ्ते से पीने के लिए स्वच्छ पानी की जगह नलों में मटमैला पानी आ रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि ग्रामीणों ने इसकी जानकारी विभाग के कर्मचारियों को भी दे दी थी लेकिन बाबजूद इसके विभागीय कर्मचारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय के साथ लगते खराहल के चंझड़ में पिछले एक हफ्ते से लोग मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। सड़क के साथ मकानों में ऐसा पानी आ रहा है। जो पूरी तरह से मटमैला लाल रंग का है।
इस पानी को इंसान तो क्या तो दूर पशुओं को भी नहीं पिलाया जा सकता।
नलों में मटमैला पानी आने से अब परिवारों के लोग अपनी प्यास बुझाने को चिंतित हो गए हैं। हालांकि लोगों ने इस संबंध में विभाग के कर्मचारियों को भी अवगत करवाया। लेकिन कर्मचारियों ने टाल मटोल ही किया।
चन्झड़ निवासी राजेश भारती, बबलू, पीयूष ने बताया कि एक हफ्ते से आसपास के घरों में भी ऐसी ही समस्या आ रही है।
उन्होंने बताया कि एक हफ्ते से उनके नलों में ऐसा मटमैला पानी आ रहा है और इसकी शिकायत उन्होंने विभाग के कर्मचारियों को भी की थी। लेकिन किसी ने इस और गौर नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया तो लोग आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
